



भागलपुर। गोड्डा जिले में एक महिला की संदिग्ध मौत ने इलाके को दहला दिया है। मृतका की पहचान रानी देवी के रूप में हुई है, जो डॉक्टर बाबूलाल शर्मा की बेटी और प्रीतम कुमार की पत्नी थीं। वह गोड्डा के प्रेम टोला स्थित अपने ससुराल में रहती थीं और वहीं पदस्थापित भी थीं। रानी देवी का पैतृक घर विशेषखानी हनवाड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मृतका अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थीं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने रानी देवी की हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस बीच घटना ने नया मोड़ तब लिया जब पुलिस को मृतका का लिखा हुआ एक नोट मिला। नोट में रानी देवी ने लिखा है – “प्रिय पतिदेव, अगर मुझे कुछ होता है तो मैं अपनी मर्जी से कर रही हूं, इसमें किसी का दोष नहीं है। शायद मेरे ही प्यार में कमी रह गई होगी, इसलिए मैं आपके साथ खुश नहीं रह सकी। मैं भगवान के पास जा रही हूं।”

यह नोट मामले को और पेचीदा बना रहा है। एक ओर परिवार हत्या की आशंका जता रहा है, तो दूसरी ओर नोट से खुद से जान देने का संकेत मिल रहा है। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट को आधार बनाकर जांच में जुटी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रानी देवी की मौत वास्तव में जान देने की है या इसके पीछे कोई साजिश छिपी हुई है।
सच का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि पुलिस जांच में कौन-सा सच सामने आता है और रानी देवी की मौत का असली कारण क्या था।












