5
(1)

नवगछिया। मजदूर दिवस के अवसर पर रंगरा चौक स्थित नेशनल हाईवे किनारे हीरो मोटरसाइकिल एजेंसी परिसर में गुरुवार को एक भव्य मजदूर सम्मान सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख संजीव कुमार यादव उर्फ मोती यादव ने की।

इस मौके पर प्रमुख ने क्षेत्र के सैकड़ों मजदूरों को माला पहनाकर और गले मिलकर उनका सम्मान किया। उन्होंने सामाजिक भेदभाव मिटाने और श्रमिकों के बीच एकजुटता का संदेश दिया।

अपने संबोधन में मोती यादव ने कहा कि बिहार को आज पूरे देश में मजदूरों का प्रदेश माना जाता है। लेकिन जहां भी बिहारी मजदूर काम की तलाश में जाते हैं, उन्हें पलायन करने वाला समझा जाता है, जबकि वही मजदूर देश के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मजदूर का सम्मान तभी सुनिश्चित होगा, जब सरकारें उनके उत्थान के लिए ठोस नीतियां बनाएं।

प्रमुख ने मजदूरों से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षित करें, क्योंकि शिक्षा ही भविष्य बदलने की कुंजी है। उन्होंने कहा, “परिस्थितियां कैसी भी हों, संघर्ष जारी रखिए। संघर्ष ही आपको मजबूत बनाता है।” साथ ही उन्होंने जनता को ऐसे नेताओं से सावधान रहने की सलाह दी, जो मजदूरों के हक के लिए नहीं लड़ते।

इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सह पूर्व उपप्रमुख प्रवीण कुमार उर्फ पवन यादव, पंचायत समिति सदस्य संजय यादव, वकील मंडल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: