



भागलपुर। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार श्रम संहिता (लेबर कोड) कानूनों के विरोध में देश के दस केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने 12 फरवरी को देशव्यापी आम हड़ताल का आह्वान किया है। इस हड़ताल को सफल बनाने और मजदूरों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को भागलपुर के भीखनपुर स्थित एटक कार्यालय में विभिन्न मजदूर संगठनों का संयुक्त कार्यकर्ता कन्वेंशन आयोजित किया गया।

कन्वेंशन की संयुक्त अध्यक्षता ऐक्टू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष एस.के. शर्मा, सीटू के जिला सचिव दशरथ प्रसाद, इंटक के जिला अध्यक्ष ई. रवि कुमार, सेवा की जिला अध्यक्ष उजरा बानो, एआईयूटीयूसी के जिला संयोजक दीपक कुमार तथा एटक के जिला उपाध्यक्ष मनोहर शर्मा ने की।
कन्वेंशन को संबोधित करते हुए मजदूर संगठनों के नेताओं ने चारों लेबर कोड कानूनों को मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि ये कानून मेहनतकशों के कानूनी अधिकारों को खत्म करने की साजिश हैं। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इन कानूनों के लागू होने से हड़ताल का अधिकार समाप्त हो जाएगा, न तो काम की गारंटी है और न ही मजदूरी सुनिश्चित होगी। यह कानून स्थायी कार्यों के लिए भी अस्थायी नियुक्तियों को वैध बनाता है, जिससे स्थायी रोजगार का अधिकार छिन जाएगा।

नेताओं ने यह भी चिंता जताई कि महिलाओं को रात में काम करने के लिए मजबूर किया जा सकता है, जिससे उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न होगा। इसके अलावा काम के घंटे 8 से बढ़ाकर 16 घंटे किए जाने का प्रावधान मजदूरों के शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण को बढ़ावा देगा। जिला स्तर के श्रम न्यायालयों को समाप्त कर न्याय को मजदूरों की पहुंच से और दूर कर दिया गया है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार और उसकी एजेंसियां झूठा प्रचार कर इन कानूनों को मजदूर हितैषी बताने की कोशिश कर रही हैं। कन्वेंशन में एक स्वर में आह्वान किया गया कि सरकार की इस एकतरफा और मजदूर विरोधी नीति के खिलाफ 12 फरवरी की आम हड़ताल में पूरी ताकत के साथ भाग लिया जाए और इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जाए।

संयुक्त कन्वेंशन ने लेबर कोड कानूनों को रद्द करने की मांग करते हुए घोषणा की कि 12 फरवरी को भागलपुर जिला मुख्यालय में जुलूस और प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों मजदूर सड़कों पर उतरेंगे।
कन्वेंशन को ऐक्टू के राज्य सह जिला सचिव मुकेश मुक्त, एटक के जिला महासचिव डॉ. सुधीर शर्मा, सेवा के संजय कुमार राय, एआईयूटीयूसी के रवि कुमार, सीटू की सरिता सिन्हा, बैंक कर्मचारी एसोसिएशन के ए.पी. सिंह, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (गोप गुट) के विष्णु कुमार मंडल, बीएसएसआर यूनियन के डी.बी. लाल, खेग्रामस के राधे रजक, बिजली मजदूर यूनियन के बनारसी पोद्दार, बिहार राज्य निर्माण कामगार यूनियन के मनोहर मंडल, बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के मनोज सहाय, असंगठित कामगार महासंघ के मो. मुमताज, रसोइया संघ की गुड़िया देवी, संयुक्त किसान मोर्चा के भोला यादव एवं देव कुमार यादव सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

कन्वेंशन में एआईबीईए के अरविंद रामा, बिहार राज्य निर्माण मजदूर यूनियन के राजेश कुमार, बीएसएसआरयू के भास्कर सिंह, असंगठित कामगार महासंघ के मो. रुस्तम, बिजली मजदूर यूनियन के धीरेन्द्र नारायण सिंह, वाहन चालक संघ के नंदकिशोर देव, खेत मजदूर सभा के गोपाल राय, अवधेश राय, सचिन कुमार, ब्रह्मदेव मंडल, अभिमन्यु मंडल, डोमन मंडल, विनय चौबे सहित विभिन्न मजदूर संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।















