0
(0)

गैस नहीं मिलने से मध्याह्न भोजन बनाने में परेशानी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी से मांगा मार्गदर्शन

नवगछिया । गोपालपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय मकंदपुर बड़ी में गैस सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने से पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना के संचालन पर संकट उत्पन्न हो गया है। इस संबंध में प्रखंड साधन सेवी ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, पीएम पोषण योजना भागलपुर को पत्र भेजकर मार्गदर्शन की मांग की है।

पत्र में बताया गया है कि विद्यालय में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए वेंडर के माध्यम से व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही थी, लेकिन फिलहाल गैस की आपूर्ति बंद कर दी गई है। इसके कारण विद्यालय में भोजन बनाने में कठिनाई हो रही है।

गैस एजेंसी की ओर से जानकारी दी गई है कि ऊपर से ही गैस की आपूर्ति बाधित है, जिस कारण वेंडर द्वारा गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इस स्थिति में मध्याह्न भोजन योजना के प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। यदि जल्द गैस की आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो बच्चों को मिलने वाला भोजन बंद होने की स्थिति बन सकती है।

इस संबंध में मध्य विद्यालय मकंदपुर बड़ी के मध्याह्न भोजन प्रभारी शिक्षक ने प्रखंड साधन सेवी के माध्यम से जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को पत्र भेजकर पूरे मामले से अवगत कराया है और योजना को नियमित रूप से संचालित रखने के लिए आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है।

शिक्षकों का कहना है कि मध्याह्न भोजन योजना बच्चों के पोषण और विद्यालय में उनकी उपस्थिति के लिए काफी महत्वपूर्ण है। अब सभी की नजर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के निर्देश पर टिकी है, ताकि जल्द कोई वैकल्पिक व्यवस्था कर योजना को सुचारू रूप से जारी रखा जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: