



भागलपुर । मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिस अंजन के पर्यवेक्षण में बिना टिकट यात्रा पर नियंत्रण और राजस्व संरक्षण के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान साहिबगंज–भागलपुर–जमालपुर–किऊल खंड की एक यात्री ट्रेन में संचालित किया गया।

अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक (एसीएम/टीसी) तापस कुमार विश्वास ने किया। इस दौरान टिकट जांच टीम ने कुल 178 यात्रियों को टिकट संबंधी अनियमितताओं में पकड़ा, जिनसे 80,475 रुपये जुर्माना वसूला गया।

यह गहन टिकट जांच अभियान वाणिज्य निरीक्षकों, टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा किया गया। जांच के साथ-साथ यात्रियों को ‘यूटीएस ऑन मोबाइल’ ऐप और ‘रेलवन’ ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकट बुकिंग की सुविधा के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें इन माध्यमों का उपयोग कर टिकट लेने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि लंबी कतार से बचा जा सके और स्वच्छ व पर्यावरण अनुकूल यात्रा को बढ़ावा दिया जा सके।
मालदा मंडल ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे मान्य टिकट लेकर ही यात्रा करें, जिससे असुविधा और जुर्माने से बचा जा सके। मंडल ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा, राजस्व संरक्षण और सुचारू यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के गहन जांच अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।













