



कटाव से रोजाना सैकड़ों मीटर भूमि गंगा में समा रही
भागलपुर जिले के ममलखा गांव में गंगा तटबंध अंततः टूट गया है। तटबंध टूटने के कारण गांव में भीषण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। गांव का सरकारी स्कूल और सैकड़ों घर पानी में डूब गए हैं। स्कूल के अंदर लगभग आठ से दस फीट तक पानी भर चुका है।

इस संबंध में पहले ही भाजपा नेता दिलीप मिश्रा और हमारे चैनल ने चेतावनी दी थी कि तटबंध पर चल रहे कटाव-रोधी कार्यों में गंभीर अनियमितताएं बरती जा रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसका परिणाम आज गांव को भुगतना पड़ रहा है।
भाजपा नेता दिलीप मिश्रा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को त्राहिमाम संदेश भेजकर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि ममलखा चाई टोला सहित आसपास के क्षेत्रों में गंगा का जल तेजी से फैल रहा है और कटाव लगातार तेज होता जा रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की मांग की है।

गांव के लोग भारी दहशत में हैं। कटाव इतना तेज है कि गंगा रोजाना सैकड़ों मीटर जमीन को निगल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जल संसाधन विभाग द्वारा कटाव-रोधी कार्य बेहद धीमी गति से किए जा रहे हैं, जबकि गंगा का रौद्र रूप गांव के अस्तित्व को निगलने पर आमादा है।
गांववासियों ने यह भी बताया कि वे स्वयं विभाग की मदद कर रहे हैं, लेकिन प्राकृतिक आपदा के इस प्रचंड रूप के आगे वे असहाय महसूस कर रहे हैं।













