


पिता के बयान पर बिहपुर थाना में केस दर्ज, गांव में आक्रोश
नवगछिया पुलिस जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर बैकठपुर दियारा में मामूली विवाद में हुई पिटाई का मामला अब जानलेवा साबित हुआ। घटना में घायल 15 वर्षीय नाबालिग प्रिंस कुमार की इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान निरुद्दीनपुर निवासी प्रिंस कुमार (15 वर्ष), पिता धर्मेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक के पिता धर्मेंद्र ठाकुर के बयान पर बिहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवेदन में सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी हुलो यादव को आरोपी बनाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 10 मार्च 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे प्रिंस कुमार भैंस को नहलाने जा रहा था। इसी दौरान दो भैंस भागकर आरोपी के खेत में चली गईं। इसी बात को लेकर आरोपी हुलो यादव आक्रोशित हो गया और उसने पहले लाठी से प्रिंस की जमकर पिटाई की, फिर उसकी गर्दन पकड़कर जोर से जमीन पर पटक दिया।
इस हमले में प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर का निचला हिस्सा काम करना बंद कर दिया। आनन-फानन में परिजन उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए नाथनगर, भागलपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
इसके बाद 11 मार्च से प्रिंस कुमार पटना के यूनिवर्सल इमरजेंसी हॉस्पिटल, राजेंद्रनगर में भर्ती था, जहां उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार की सुबह उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे पुनः दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही सुबह करीब 10:27 बजे उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। मां प्रेमलता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पिता धर्मेंद्र ठाकुर, भाई गुलशन व तिरसो तथा बहन पल्लवी सदमे में हैं। प्रिंस तीन भाइयों और एक बहन में मंझला था और बचपन से ही पिता के साथ खेती-बाड़ी एवं मवेशी पालन में सहयोग करता था।
घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है और किशोर की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध में बिहपुर थानाध्यक्ष पुनि संतोष कुमार ने बताया कि घटना के समय परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी और आपसी स्तर पर मामला सुलझा लिया गया था। किशोर की मौत के बाद मंगलवार को मृतक के पिता ने आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।















