



भागलपुर ।
भागलपुर की जीवन जागृति सोसाइटी को बांका प्रशासन द्वारा मंदार महोत्सव के ग्राम श्री मेले में मुफ्त स्टॉल प्रदान किया गया। सोसाइटी की टीम ने महोत्सव में सर्प दंश, सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा, कैंसर के आरंभिक लक्षण, आग लगने की स्थिति और सीपीआर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों को आम जनता तक पहुंचाया।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह एवं उनकी टीम ने स्टॉल पर उपस्थित लोगों को पंपलेट के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। सर्पदंश के मामले में लोगों को बताया गया कि सांप काटने की स्थिति में झड़फूंक या पारंपरिक उपायों में समय न गंवाएं, तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें और आधुनिक इलाज कराएं। मरीज को चलने न दें और उसे सुरक्षित वाहन से अस्पताल ले जाएँ। जोर से रस्सी बांधने या सांप का विष निकालने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे पैर सड़ने का खतरा होता है और विष के प्रभाव से मरीज को संभालना कठिन हो जाता है।

सड़क सुरक्षा के संबंध में लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और उनका पालन करने की सलाह दी गई। दुर्घटना ग्रस्त व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में किसी प्रकार के मुकदमे या केस का डर न रखने की बात बताई गई। डमी मॉडल के माध्यम से सीपीआर का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें दिखाया गया कि मरते हुए मरीज को कैसे सांस लौटाई जा सकती है।

कैंसर के शुरुआती लक्षणों के बारे में लोगों को बताया गया कि किसी भी तरह की गांठ, रक्तस्राव या घाव को नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। इसके साथ ही आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय और सावधानियों की जानकारी दी गई।

इस दौरान स्टॉल पर लगातार लोगों की भीड़ रही और लगभग 700 लोग जागरूकता प्राप्त करने के लिए पहुंचे। डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि यह जागरूकता शिविर अगले पांच दिनों तक जारी रहेगा और संस्था की टीम लगातार आम जनता को स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी जानकारी देती रहेगी।













