



भागलपुर। शहर में मानसून की पहली जोरदार बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। शनिवार को हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
स्मार्ट सिटी के नाम पर विकसित किए जा रहे भागलपुर की सड़कों पर पानी ही पानी नजर आया। मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक में पानी भर गया, जिससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्टेशन चौक, तिलकामांझी, खलीफाबाग, आदमपुर और बरारी जैसे प्रमुख इलाकों में जलजमाव के कारण घंटों तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम ने नालों की समय पर सफाई नहीं करवाई, जिस कारण पानी की निकासी नहीं हो पाई और यह स्थिति उत्पन्न हुई।
वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
लोगों की मांग है कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए, ताकि हर साल बरसात में इसी तरह की दुश्वारियों का सामना न करना पड़े।














