5
(1)

दो अज्ञात समेत चार अभियुक्तों के विरुद्ध मामला दर्ज

नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी वार्ड संख्या-4 निवासी विकास कुमार, पिता हीरा लाल दास ने मारपीट की घटना को लेकर नवगछिया थाना में आवेदन दिया है। उन्होंने चार नामजद एवं दो अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है।

आवेदन में बताया गया है कि 13 नवंबर की सुबह लगभग 10 बजे वह अपनी पत्नी और मां के साथ अनुमंडल अस्पताल नवगछिया अपने टूटे हुए हाथ का बैंडेज खुलवाने जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही निवासी अभियुक्त राजीव दास, बैजू दास पिता स्व. दीपनारायण दास, सिंटू दास पिता पवन दास, मधेपुरा जिला के भतनी थाना क्षेत्र के पिपराही निवासी अरुण राम पिता स्व. विश्वनाथ राम तथा दो अज्ञात व्यक्ति घात लगाए बैठे थे।

पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वे वहां पहुंचे, अभियुक्तगण गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने एकजुट होकर हथियार से लैस होकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट के दौरान विकास कुमार बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। मां और पत्नी को पिटते देख उनका भाई बमबम दास, भाभी सीमा देवी और पिता हीरा लाल दास बचाने पहुंचे, लेकिन अभियुक्तों ने उन सबके साथ भी बुरी तरह मारपीट की, जिससे सभी लोग जख्मी हो गए।

विकास कुमार ने बताया कि अभियुक्तों ने धमकी दी कि पहले जो केस नवगछिया थाना में दर्ज है, उसे वापस नहीं लिया तो पूरे परिवार की हत्या कर देंगे। उन्होंने बताया कि ये वही लोग हैं जिन्होंने पहले भी उनके साथ मारपीट की थी, जिसमें उनका हाथ टूट गया था। उस मामले में नवगछिया थाना में कांड संख्या-316/25 दर्ज है, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता के कारण अभियुक्तों का मनोबल बढ़ गया है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि सभी अभियुक्त मनबढ़ और अपराधी प्रवृत्ति के हैं, जो चोरी, लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं तथा स्मैक का सेवन एवं अवैध कारोबार भी करते हैं। उन्होंने कहा कि अभियुक्त लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

विकास कुमार ने पुलिस प्रशासन से अभियुक्तों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष पुनि रविशंकर कुमार ने बताया कि मारपीट को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद अभियुक्तों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: