



नवगछिया, भागलपुर। केंद्र सरकार के निर्देश पर चुनाव आयोग द्वारा बिहार में चलाए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के विरोध में बुधवार को इंडिया गठबंधन ने बिहार बंद का आह्वान करते हुए नवगछिया में सड़कों पर उतरकर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन परिसर से लेकर सब्जी पट्टी, वैशाली चौक, मुख्य बाजार, महाराज चौक, मक्खातकिया चौक होते हुए हड़िया पट्टी, गौशाला रोड आदि क्षेत्रों में शांतिपूर्ण जुलूस निकालकर बाजार बंद कराया और अंत में एनएच-31 पर चक्का जाम कर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान झंडे-बैनर से लैस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की नीतीश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने मताधिकार और लोकतंत्र की रक्षा की अपील करते हुए कहा कि INDIA गठबंधन गरीबों की वोटबंदी किसी हाल में स्वीकार नहीं करेगा। कार्यकर्ताओं का नारा था—”मतदाताओं का एसआईआर बंद करो, वोटबंदी बंद करो।”

इस आंदोलन का नेतृत्व राजद के प्रदेश महासचिव सह पूर्व विधायक प्रत्याशी शैलेश कुमार, राजद जिला अध्यक्ष अलख निरंजन पासवान, जिला प्रधान महासचिव संजय कुमार मंडल, प्रवक्ता कपिल देव मंडल, भाकपा-माले के प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय, रवि मिश्र, गुरुदेव सिंह, वीआईपी के प्रो. विभांशु मंडल, सुधीर सिंह, महिला प्रकोष्ठ की पिंकी देवी, सीपीआई के शिव चंदर सिंह, प्रकाश मंडल, निरंजन साह, कांग्रेस नेता शीतल प्रसाद सिंह, राजीव चौधरी, बालो सिंह, तथा आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष सह राजद के पूर्व जिला सचिव राजीव सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
राजद नेता शैलेश कुमार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2025 में हार के डर से केंद्र और राज्य सरकारें चुनाव आयोग के जरिए मतदाता सूची में हेरफेर कर रही हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों से मताधिकार छीनने की यह कोशिश वैसी ही साजिश है जैसी 2016 में की गई नोटबंदी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के 8 करोड़ मतदाताओं से नागरिकता संबंधी दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, जो बड़ी संख्या में गरीब और मजदूरों के पास नहीं हैं।
माले नेता गौरीशंकर राय ने कहा कि जुलाई कृषि कार्य का समय होता है और लाखों मजदूर राज्य से बाहर रहते हैं। ऐसे में मतदाता पुनरीक्षण की यह प्रक्रिया करोड़ों लोगों को मतदाता सूची से बाहर करने की कोशिश है, जो संविधान में दिए गए सार्वभौमिक मताधिकार पर सीधा हमला है। उन्होंने बताया कि भाकपा-माले गांव-गांव जाकर इसके खिलाफ जनअभियान चला रही है जो 31 जुलाई तक चलेगा। साथ ही, उन्होंने जनता से अपील की कि इस तानाशाही के खिलाफ जनसभा, विरोध प्रदर्शन और आंदोलन के जरिए अपनी आवाज बुलंद करें।

बिहार बंद और चक्का जाम में सैकड़ों INDIA गठबंधन कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से नवगछिया प्रखंड अध्यक्ष हिमांशु यादव, नगर अध्यक्ष तनवीर अहमद, प्रमोद चौबे, धर्मेंद्र यादव, महमूद गजनवी, मोहम्मद मुनव्वर, राजेश यादव, महेश फौजी, अशोक यादव, गौरीशंकर यादव, मेही दास, राधेश्याम रजक, अमीरराम, राजेंद्र पंडित, जयप्रकाश शर्मा, रामचरण मंडल, वीरेंद्र सिंह, किशन राम, रुदल मंडल, अनिरुद्ध राम, आदित्य कुमार, अरविंद साह, रामदेव साह, ब्रह्मदेव यादव, मो. मुश्ताक, नरेश शाह, रणवीर कुमार, नगीना यादव, खगेश यादव, श्रीकांत यादव, विजय यादव समेत कई संगठनों के लोग मौजूद रहे।













