5
(1)

नवगछिया : मैट्रिक परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से कराने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा सख्ती बढ़ा दी गई है। 17 फरवरी से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू रहेगी।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा दो पालियों में ली जा रही है। प्रशासन की ओर से सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी परिस्थिति में कदाचार या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।

अनुमंडल क्षेत्र में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें बाल भारती विद्यालय (इंग्लिश मीडियम), बीएलएस कॉलेज, इंटर स्तरीय (+2) विद्यालय, रंगा बालिका उच्च विद्यालय, आदर्श उच्च विद्यालय तुलसीपुर जमुनिया (खरीक), प्रेसिडेंसी इंटरनेशनल स्कूल, श्रीलाल उत्क्रमित मध्य विद्यालय मकरपुर, सावित्री पब्लिक स्कूल, रामधारी उच्च विद्यालय तेतरी (पकरा) तथा उच्च विद्यालय तेतरी शामिल हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार से केवल परीक्षार्थियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अभिभावकों या अन्य बाहरी व्यक्तियों के जमावड़े पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट एवं कॉपी मशीन की दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। हालांकि परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मियों एवं पुलिस बल पर यह आदेश लागू नहीं होगा।

अनुमंडल प्रशासन ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: