0
(0)

भागलपुर। आगामी वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई। परीक्षा जिले में 17 फरवरी से 25 फरवरी तक दो पालियों में आयोजित होगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को परीक्षा अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं होने देने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार जिले में कुल 61 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अनुमंडल सदर भागलपुर में 42 केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 16,576 परीक्षार्थी, नवगछिया अनुमंडल में 10 केंद्रों पर 3,372 परीक्षार्थी तथा कहलगांव अनुमंडल में 9 केंद्रों पर 3,286 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

ब्रीफिंग के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों में केवल प्रवेश पत्र दिखाने के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा तथा किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मोबाइल फोन सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अनिवार्य रूप से फ्रिस्किंग की व्यवस्था रहेगी, जबकि महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी एवं महिला कर्मियों द्वारा ही की जाएगी।

प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक तथा द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे के बाद केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा अवधि में फोटोस्टेट एवं कॉपी मशीनों के उपयोग पर भी रोक रहेगी। साथ ही परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार को छोड़ अन्य सभी द्वार बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों को जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी और उन्हें चप्पल पहनकर ही केंद्र में आना होगा। परीक्षा से संबंधित शिकायतों एवं सूचनाओं के लिए अनुमंडल कार्यालय सदर भागलपुर में नियंत्रण कक्ष भी संचालित रहेगा।

बैठक में अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं सख्ती के साथ संपन्न कराने का भरोसा जताया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: