


नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतरी जीरो माइल चौक के समीप बुधवार को मैट्रिक परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं की बाइक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में दो छात्राएं समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लत्तीपुर गांव निवासी निधि कुमारी पिता – रंजीत यादव, पूजा कुमारी पिता – राज कुमार यादव तथा हिमांशु कुमार पिता – राज कुमार यादव मोटरसाइकिल से खरीक के लत्तीपुर से श्री लाल जी उत्क्रमित मध्य विद्यालय में मैट्रिक परीक्षा देने जा रहे थे। इसी दौरान तेतरी जीरो माइल चौक के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद दोनों छात्राओं की स्थिति सामान्य पाई गई। परीक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें तुरंत उनके परीक्षा केंद्र भेज दिया गया, जहां उन्होंने परीक्षा में भाग लिया।
वहीं बाइक चालक हिमांशु कुमार की स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेतरी जीरो माइल चौक पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग की है।












