



भागलपुर में बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा के चौथे दिन पहली एवं दूसरी पाली में सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की गई। जिले में अब तक परीक्षा कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रही है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं निगरानी के कड़े इंतजाम किए गए हैं, लेकिन गंगा किनारे स्थित भागलपुर सिटी कॉलेज को बनाए गए परीक्षा केंद्र की व्यवस्था चिंता का विषय बनी हुई है।

परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए समुचित सड़क व्यवस्था नहीं होने के कारण परीक्षार्थियों और शिक्षकों को केंद्र के सामने बने संकरे चचरी पुल के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है। यह पुल कम क्षमता वाला है और इसके नीचे लगभग 20 फीट गहरी खाई मौजूद है।

परीक्षा के दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसी पुल से गुजर रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। जरा सी लापरवाही या संतुलन बिगड़ने पर गंभीर दुर्घटना होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अविलंब वैकल्पिक एवं सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि परीक्षा अवधि में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।













