


भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज अस्पताल) से एक दुखद खबर सामने आई है। झारखंड के गोड्डा टाउन थाना में एएसआई पद पर कार्यरत अशोक यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस विभाग और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार अशोक यादव मूल रूप से भोजपुर जिले के आरा निवासी थे और वर्तमान में झारखंड के गोड्डा नगर थाना में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि रात में टहलने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वे एक मंजिल से नीचे गिर पड़े। गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के तुरंत बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए गोड्डा के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया, परंतु सिर में गंभीर चोट होने के कारण उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक बनी रही और तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है। सहकर्मियों ने अशोक यादव को कर्तव्यनिष्ठ, शांत स्वभाव और मिलनसार अधिकारी बताया।
फिलहाल पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की तैयारी की जा रही है।













