


जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने कहा, वायरल वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई
नवगछिया म्यूटेशन यानी दाखिल-खारिज के नाम पर कथित अवैध वसूली से जुड़े दो वीडियो इन दिनों सामाजिक माध्यमों पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो के सामने आने के बाद इस्माइलपुर और गोपालपुर अंचल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि पहला वीडियो इस्माइलपुर अंचल से जुड़ा हुआ है, जिसमें अंचलाधिकारी के चालक को यह कहते हुए सुना जा रहा है कि यदि पैसे नहीं दिए जाते हैं तो म्यूटेशन खारिज कर दिया जाता है। वहीं दूसरा वीडियो गोपालपुर अंचल क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसमें विक्रम कुमार नामक व्यक्ति अंचल कार्यालय के आसपास म्यूटेशन कराने आए एक व्यक्ति से पैसों के लेन-देन की बातचीत करते हुए दिखाई दे रहा है।
इन वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और राजस्व व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा भ्रष्टाचार और बिचौलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अभी भी संतोषजनक नहीं दिख रही है।
इस संबंध में जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने कहा कि वायरल वीडियो में अंचल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि वीडियो की जांच में तथ्य सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी गोपालपुर अंचल से म्यूटेशन से जुड़े मामलों को लेकर अंचल के चालक का एक वीडियो वायरल हो चुका है। इसके अलावा जमीन की नापी के दौरान सरकारी अमीन द्वारा पैसे मांगने की शिकायत भी सामने आई थी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की शिकायत वरीय अधिकारियों और संबंधित मंत्री से की जाएगी, ताकि व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।















