0
(0)

गणतंत्र दिवस पर मारवाड़ी युवा मंच नवगछिया शाखा ने किया आयोजन

नवगछिया। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा की ओर से 26 जनवरी 2026 को मारवाड़ी विवाह भवन के प्रांगण में “मेरा लहू देश के नाम” शीर्षक से एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य मानव सेवा और राष्ट्रसेवा की भावना को सशक्त करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

रक्तदान शिविर का उद्घाटन मंच के प्रांतीय अध्यक्ष अश्वनी खटोर, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा, पूर्व शाखा अध्यक्ष रवि सर्राफ, मारवाड़ी विवाह भवन कार्यकारिणी सदस्य मनोज चौधरी, संरक्षक अभय प्रकाश मुनका, नरेश केडिया, प्रवीण केजरीवाल, कार्यक्रम संयोजक विकास चिरानीया, नवगछिया शाखा अध्यक्ष चेतन मुनका एवं जागृति अध्यक्षा रश्मि सर्राफ द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

शिविर के दौरान युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता निभाई। कुल 28 यूनिट रक्त का सफलतापूर्वक संग्रह किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के जीवनरक्षक उपचार के लिए उपयोग में लाया जाएगा। रक्तदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर सामाजिक समरसता और प्रेरणा का सुंदर दृश्य भी देखने को मिला, जहां पति-पत्नी की जोड़ी, ससुर-दामाद की जोड़ी, पहली बार रक्तदान करने वाले युवा एवं नारीशक्ति ने रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायी संदेश दिया। मंच की ओर से इन सभी रक्तदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। रक्तदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शाखा द्वारा रिफ्रेशमेंट की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।

रक्त संग्रह के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, भागलपुर से आई चिकित्सकीय टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में शामिल डॉ. विकास गोयल एवं उनके सहयोगी चिकित्साकर्मियों को मंच की ओर से अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष अश्वनी खटोर ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच नवगछिया शाखा को किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है। यह शाखा प्रत्येक राष्ट्रीय एवं प्रांतीय कार्यक्रम में सक्रियता के साथ भाग लेती है और समाजहित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रक्त का रंग लाल होता है, उसकी कोई जात नहीं होती, और जिस व्यक्ति के शरीर में वह चढ़ता है, वह उसी का हो जाता है। यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और अतिथियों ने मारवाड़ी युवा मंच नवगछिया शाखा के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और जनमानस के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहा।

अंत में मंच के सचिव दीपक मावंडिया ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयुष खेमका, कमल टिबरेवाल, संदीप सर्राफ, मनोज चौधरी, ओम यादुका, पंकज सर्राफ, पारस खेमका सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया, जिसके साथ ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना से गूंज उठा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: