


भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत मिरहट्टी पंचायत में आयुष्मान आरोग मंदिर का उद्घाटन बुधवार को किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में रेफरल अस्पताल के प्रभारी कुंदन भाई पटेल, मिरहट्टी पंचायत के मुखिया अशोक यादव तथा जिला परिषद सदस्य अरुण दास ने संयुक्त रूप से फीता काटकर आयुष्मान आरोग मंदिर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर रेफरल अस्पताल प्रभारी कुंदन भाई पटेल ने बताया कि आयुष्मान आरोग मंदिर के शुरू होने से मिरहट्टी गांव एवं आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों को ओपीडी की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी। साथ ही गंभीर एवं आपातकालीन मामलों को देखते हुए एंबुलेंस सुविधा के माध्यम से मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आरोग मंदिर में तीन डॉक्टर, एक एएनएम तथा दस आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि आयुष्मान आरोग मंदिर के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और समय पर उपचार संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल प्रबंधक डॉक्टर रमण कुमार, डॉक्टर दयानंद दास, डॉक्टर अशोक यादव, डॉक्टर राजनंदिनी कुमारी, एएनएम शबनम कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उद्घाटन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया और सभी ने इस पहल को क्षेत्र के लिए लाभकारी बताया।












