



भागलपुर जिले के सनहौला थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव के शब्बा चौक निवासी सिकंदर महतो के 20 वर्षीय पुत्र नरेश महतो की सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, नरेश मिठाई लाने के लिए घर से निकला था। वह पैदल सड़क पर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने उसे इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वह पिछले तीन दिनों से जीवन और मृत्यु से जूझ रहा था। इलाज के दौरान शुक्रवार की देर रात उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि मृतक नरेश महतो छात्र था और सात भाइयों में छठे नंबर पर था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में मातम का माहौल है, हर किसी की आंखें नम हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सनहौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना करने वाले को कड़ी सजा दी जाए। पुलिस ने बताया कि जिस मोटरसाइकिल सवार ने नरेश को टक्कर मारी थी, उसे बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।















