



भागलपुर के मोजाहिदपुर थाना परिसर में सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह की अध्यक्षता में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न समस्याओं को सिटी एसपी के समक्ष रखा।

जनसंवाद के दौरान लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाएं, अवैध गतिविधियां, पुलिस गश्ती की आवश्यकता, भूमि विवाद समेत अन्य स्थानीय समस्याओं की जानकारी दी। सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर सिटी एसपी ने कहा कि जनता और पुलिस के बीच सीधा संवाद बेहद आवश्यक है। इससे समस्याओं की सही जानकारी मिलती है और उनके त्वरित समाधान में भी सहायता मिलती है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि जनसंवाद में उठाए गए सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
















