



नवगछिया: नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी दोनिया टोला में सोमवार की देर शाम स्मैक सेवन के दौरान आपसी विवाद में एक किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तेतरी दोनिया टोला निवासी सुभाष राय के 18 वर्षीय पुत्र साजन कुमार के रूप में की गई है।
घटना तेतरी काली मंदिर के समीप संजय सिंह के ईंट भट्ठा के पास स्थित एक बगीचे में हुई, जहां साजन अपने कुछ साथियों के साथ स्मैक पी रहा था। इसी दौरान पुराने बकाया रुपये को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर उसके साथियों ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही साजन वहीं गिर पड़ा। परिजन जब मौके पर पहुंचे, तो उसे तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता सुभाष राय, जो पेशे से टेंपो चालक हैं, ने बताया कि उनका बेटा गलत संगति में पड़कर नशे का शिकार हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मैक के लेन-देन को लेकर उसके ही साथियों ने उसे गोली मार दी। सुभाष राय के अनुसार, साजन को पेट और सीने में कुल दो गोलियां मारी गईं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अपराधी तीन दिन से साजन की हत्या की साजिश रच रहे थे, जिसकी चर्चा उन्होंने स्वयं सुनी थी।
पिता ने यह भी आरोप लगाया कि यदि पुलिस पहले से सतर्क होती, तो यह घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले पुलिस ने साजन को पकड़ा भी था, मगर बाद में छोड़ दिया गया। यदि उसे जेल भेज दिया गया होता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
इधर नवगछिया थाना अध्यक्ष रविशंकर ने जानकारी दी कि हत्या का कारण स्मैक से जुड़ा बकाया रुपया है। आरोपियों ने साजन से बकाया रकम मांगी, और जब उसने पैसे नहीं दिए, तो उसे गोली मार दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर आश्वासन भी दिया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल इस घटना से तेतरी इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुट गई है।













