



भागलपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम के दौरान जदयू सांसद अजय मंडल अचानक लड़खड़ाकर गिर पड़े। यह हादसा इनडोर स्टेडियम में चल रहे बैडमिंटन टूर्नामेंट के दौरान हुआ, जहां मुख्यमंत्री एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद अजय मंडल स्टेडियम के भीतर ही अचानक बेहोश होकर नीचे गिर पड़े। तुरंत मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें संभाला और बगल में रखे सोफे पर बैठाया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कमर और पैर का एक्स-रे किया।
डॉक्टरों के अनुसार, सांसद की कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए ICU में भर्ती किया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एक्स-रे रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और चिकित्सकीय व्यवस्था का जायजा लिया।













