5
(1)

भागलपुर। बिहार सरकार द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शुरू की गई मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का आज विधिवत शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में आयोजित एक राज्यस्तरीय कार्यक्रम में इस योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी जिलों और प्रखंडों में किया गया, जिससे जीविका से जुड़ी हजारों महिलाएं इस पहल की साक्षी बनीं।

भागलपुर जिले में समाहरणालय परिसर स्थित समीक्षा भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष मिथुन यादव, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, प्रशिक्षु आईएएस जतिन कुमार, डीआरडीए निदेशक तथा जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के तहत जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य महिलाएं ग्राम संगठन के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है और किसी भी महिला को इसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना है।

उन्होंने महिलाओं को सतर्क करते हुए कहा कि वे दलालों और बिचौलियों से सावधान रहें तथा यदि कोई व्यक्ति इस योजना को लेकर भ्रम फैलाए या आर्थिक लाभ लेने का प्रयास करे, तो उसकी तुरंत शिकायत संबंधित अधिकारियों से करें। ग्राम संगठन स्तर पर सहायता टीम गठित कर दी गई है, जो आवेदन प्रक्रिया में महिलाओं की मदद करेगी।

आवेदन के साथ आधार कार्ड की प्रति और बैंक पासबुक की प्रति संलग्न करनी होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को 10 हजार रुपये की प्रारंभिक सहायता राशि दी जाएगी, जिससे वह कोई छोटा व्यवसाय शुरू कर सकेगी। छह महीने के मूल्यांकन के बाद और भी वित्तीय सहायता दी जा सकती है। इससे न केवल महिला की स्वयं की आमदनी बढ़ेगी, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि इस योजना का लाभ जीविका समूह से जुड़े प्रत्येक परिवार की एक महिला सदस्य को मिलेगा। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।

इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर योजना से संबंधित जानकारी देगा और महिलाओं को आवेदन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करेगा। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष मिथुन यादव, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, डीपीएम सुनिर्मल सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।

उल्लेखनीय है कि राज्यभर में कुल 250 जागरूकता रथों के माध्यम से महिलाओं को योजना की जानकारी दी जाएगी, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: