



भागलपुर। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत सोमवार को भागलपुर जिले की 62 हजार महिलाओं के खाते में ₹10,000 की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। यह राशि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की गई। कार्यक्रम का आयोजन भागलपुर के समीक्षा भवन में किया गया, जिसमें जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अध्यक्षता की। पटना से हो रहे इस सीधा प्रसारण को समीक्षा भवन में उपस्थित अधिकारियों और लाभार्थी महिलाओं ने देखा।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत यह तीसरी किस्त की राशि भेजी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक भागलपुर जिले की करीब साढ़े तीन लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार के क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत कर सकती हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगा।
















