


144 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का लिया जायजा
अधिकारियों को दिये तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश
भागलपुर । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में भागलपुर जिला अंतर्गत भागलपुर गोराडीह मार्ग पर भागलपुर बौंसी रेलवे लाइन पर पहुंच पथ सहित आरओबी के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इन योजनाओं में सुल्तानगंज नगर परिषद् अंतर्गत जहाज घाट के निकट रेलवे की 17 एकड़ 47.62 डिसमिल भूमि पर पर्यटकीय दृष्टिकोण से सुविधाओं का विस्तार, फतेहपुर चेकडैम का निर्माण कार्य, नवगछिया अनुमंडल में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य, भागलपुर जिले में कैंसर के इलाज हेतु कैंसर संस्थान की स्थापना, 11 प्रखंडों (बिहपुर, शाहकुंड, कहलगांव, सबौर, नवगछिया, सन्हौला, पीरपैंती, गोराडीह, नारायणपुर, इस्माईलपुर, नाथनगर) में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन एवं आवासीय परिसर का निर्माण, सुल्तानगंज भागलपुर जिलांतर्गत अवस्थित ग्रीनफील्ड अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कार्य, प्रखंड गोराडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत अगरपुर माछीपुर में अंतर्राज्यीय आधुनिक बस अड्डा का निर्माण, गोराडीह प्रखंड में उपलब्ध सरकारी भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र का विकास, एसएम कॉलेज से मिरजानहाट पथ पर आरओबी (भोलानाथ पुल) के निर्माण कार्य शामिल है।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी योजनाओं का क्रियान्वयन अच्छे ढंग से सुनिश्चित कराएं। निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। इन सभी कामों के पूरा हो जाने से लोगों को काफी फायदा मिलेगा। पथों एवं आरओबी का निर्माण कार्य पूर्ण होने से वाहनों का परिचालन और अधिक सुचारू रूप से हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बैजानी का भ्रमण कर पंचायत सरकार भवन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, राजकीय मध्य विद्यालय बैजानी, जल-जीवन-हरियाली के तहत जीर्णोद्धार कराए गए पोखर आदि का जायजा लिया। पंचायत सरकार भवन, बैजानी के प्रांगण में मुख्यमंत्री ने पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत बैजानी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। राजकीय मध्य विद्यालय, बैजानी के छात्र-छात्राओं ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी मन लगाकर पढ़ाई करें। आप ही देश के भविष्य हैं। आप सभी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी में आयोजित जनसभा स्थल के निकट विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का किया अवलोकन
भागलपुर संवाददाता। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जगदीशपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बैजानी में आयोजित जनसभा स्थल के निकट विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने 8305 जीविका स्वयं सहायता समूहों के 1 लाख 5 हजार 5 सौ पच्चीस जीविका दीदियों को बैंकों से प्रदत ऋण के तहत 377 करोड़ 66 लाख 50 हजार रुपये का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का सांकेतिक चेक, समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना का सांकेतिक चेक, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड आदि लाभुकों को प्रदान किया। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आपके द्वारा हम महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इसके लिए हम सभी आपके आभारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी जीविका दीदियों को बधाई है। आप सभी बहुत अच्छा काम कर रही हैं। आगे भी पूरे बुलंदी के साथ काम करते रहिए, राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी।
मुख्यमंत्री ने बैजानी में 442 करोड़ रुपये की लागत से 144 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री ने भागलपुर जिला अंतर्गत जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी में 442 करोड़ रुपये की लागत से 144 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 171 करोड़ रुपये की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन तथा 271 करोड़ रुपये की लागत से 56 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग सह पथ निर्माण एवं भागलपुर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल, भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल, बिहपुर विधायक कुमार शैलेंद्र, गोपालपुर विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, विधायक शुभानंद मुकेश, विधायक रोहित पांडे, विधायक ललित नारायण मंडल, विधायक मिथुन कुमार, विधान पार्षद डॉ एनके यादव, विधान पार्षद डॉ संजीव कुमार सिंह, विधान पार्षद विजय कुमार सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग एवं शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ बी राजेंदर, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त अवनीश कुमार सिंह, भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार, भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।















