



आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए दो हजार पच्चीस में फिर से नीतीश सरकार बनाने का लिया संकल्प
भागलपुर जिले के लाजपत पार्क मैदान में शनिवार को एनडीए विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने की जबकि मंच संचालन भाजपा नेता नितेश कुमार ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भागलपुर के पूर्व सांसद शाहनवाज हुसैन और भागलपुर के सांसद अजय मंडल मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं एमएलसी एन. के. यादव, जदयू जिलाध्यक्ष बिपिन बिहारी, लोजपा जिलाध्यक्ष सुबोध पासवान, जदयू अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष महेश दास, लोजपा महिला जिला अध्यक्षा अंशु प्रिया, जदयू विधानसभा प्रभारी अर्पणा कुमारी, कल्याणी देवी सहित एनडीए के सभी दलों के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके बाद भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी रवि कुमार सुमन उर्फ अरुण मंडल, भाजपा नेता पवन मिश्रा और जिलाध्यक्ष संतोष साह ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र और भागलपुर की प्रसिद्ध मंजुला कारीगरी से बने मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की उपलब्धियों को गिनाते हुए दो हजार पच्चीस में एक बार फिर नीतीश कुमार की सरकार बनाने का संकल्प लिया।
इस सम्मेलन में एनडीए के संभावित प्रत्याशियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से शक्ति प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और सभी दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।













