



भागलपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत आज नहाय-खाय के साथ हो गई। सुबह से ही भागलपुर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छठव्रती महिलाएं और पुरुष नियम-निष्ठा के साथ गंगा स्नान कर पवित्र गंगाजल अपने घर ले गईं। गंगाजल से कद्दू-भात का प्रसाद तैयार किया गया, जिसे ग्रहण करने के साथ ही छठ व्रत की विधिवत शुरुआत मानी जाती है।

भागलपुर के साथ ही मुंगेर, बांका और कटिहार जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर पहुंचे। कल खरना का व्रत रखा जाएगा, जिसमें व्रती गुड़-चावल की खीर और रोटी का प्रसाद बनाएंगे। इसके बाद अगले दो दिनों तक व्रती डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत पूरा करेंगे।
भागलपुर प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा, रोशनी और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
















