



नवगछिया। प्रकृति एवं सूर्य उपासना से जुड़ा लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शनिवार को नहाय-खाय के साथ आरंभ हो गया। क्षेत्र में छठी मैया के गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया है। लोग अपने-अपने घरों व घाटों की सफाई और सजावट में जुटे हुए हैं।
नहाय-खाय के दिन श्रद्धालुओं ने कद्दू-भात प्रसाद ग्रहण कर नवगछिया अनुमंडल के विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान किया। लोगों ने पूजा सामग्री जैसे ईख, नारियल, फल आदि की खरीदारी भी की। गोपालपुर प्रखंड के तीनटँगा करारी जहाज घाट पर हजारों की संख्या में नवगछिया सहित सीमांचल के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचे और भगवान भास्कर का ध्यान कर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।

नवगछिया से पहुंची श्रद्धालु वीणा देवी, सीमा देवी, सुमन कुमारी और ममता देवी ने बताया कि इस महापर्व में पूरा परिवार एक साथ मिलकर गंगा स्नान करता है और श्रद्धा के साथ व्रत रखा जाता है। रविवार को खरना, सोमवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और मंगलवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजा संपन्न होगी।

गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क दिखा। गोपालपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, दरोगा कृष्ण कन्हैया समेत पुलिस बल व स्थानीय गोताखोर घाट पर मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन –
- गंगा घाट पर आस्था की डुबकी लगाते श्रद्धालु
- गंगा स्नान के बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाती महिलाएं
















