



भागलपुर। सुल्तानगंज में सावन माह के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा नमामि गंगे घाट पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की श्रृंखला में बुधवार की शाम सुपर स्टार गायिका पूजा चटर्जी ने भाग लिया। उन्होंने भोले बाबा पर आधारित एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं और कांवरियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में पूजा चटर्जी ने “भोले भंडारी”, “नंद के लाल भोले” समेत कई भक्तिमय गीत गाकर श्रद्धालुओं में भक्ति भाव का संचार किया। कार्यक्रम में मंच संचालन की जिम्मेदारी उद्घोषिका अंकिता पल्लव ने निभाई, जिनकी प्रभावशाली प्रस्तुति ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।

इस अवसर पर संगीत संयोजन में ढोल पर आदित्य राज और सत्य राज, ड्रम पर पप्पू गुप्ता, की-बोर्ड पर जिम्मी गुप्ता और संभव कुमार ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में पर्यटक विभाग के कर्मचारी राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रोता, कांवरिया और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से सावन माह के इस पावन अवसर पर धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर समन्वय देखने को मिला।














