



भागलपुर के नाथनगर स्थित कॉन्स्टेबल ट्रेनिंग स्कूल परिसर में शनिवार को 2019 बैच के सिपाहियों की पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 640 नव प्रशिक्षित सिपाहियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में आईजी विवेक कुमार कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उनके साथ कई अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद थे। समारोह के दौरान नव प्रशिक्षित सिपाहियों ने अनुशासन और परिश्रम की मिसाल पेश करते हुए प्रभावशाली मार्च पास्ट किया, जिसे देखकर उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

आईजी विवेक कुमार ने अपने संबोधन में सभी नव सिपाहियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा एक जिम्मेदारीपूर्ण पेशा है, जिसमें ईमानदारी, समर्पण और जनसेवा की भावना सर्वोपरि है। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों को सफल आयोजन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए बधाई भी दी।
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें सिपाहियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परेड समारोह में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।













