



भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के अजमेरीपुर गांव में शनिवार को डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों बच्चे गांव के समीप रसीदपुर घाट पर नहाने गए थे। इसी दौरान गहराई में चले जाने से वे डूब गए। घटना में दो बच्चों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।

मृत बच्चों की पहचान अजमेरीपुर निवासी प्रवीण मंडल के 13 वर्षीय पुत्र, लक्ष्मी मंडल के 14 वर्षीय पुत्र रबला कुमार और गोपी मंडल के 12 वर्षीय पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है। वहीं तीसरा बच्चा रामू कुमार, जो गंभीर रूप से घायल है, का इलाज जारी है।

ग्रामीणों ने बताया कि तीनों बच्चे रसीदपुर पुल के समीप नदी में स्नान कर रहे थे। अचानक गहराई में जाने से हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नाथनगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई है और एक बच्चे का उपचार किया जा रहा है।













