


भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर नाथनगर के समीप रविवार को एक मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन भैंसों की मौत हो गई। इस घटना के कारण लगभग एक घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार भागलपुर की ओर से एक मालगाड़ी सुल्तानगंज की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान नाथनगर के पश्चिम केबिन के पास पुरानी सराय गांव के समीप तीन भैंस रेलवे पटरी पार कर रही थीं। अचानक मालगाड़ी आ जाने से तीनों भैंस ट्रेन की चपेट में आ गईं और कटकर रेलवे ट्रैक में फंस गईं।
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस और रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद लगभग एक घंटे की कड़ी मेहनत से ट्रैक से मवेशियों को हटाया गया, जिसके बाद रेल परिचालन फिर से शुरू किया जा सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों भैंस रेलवे किनारे चढ़ रही थीं। तभी अचानक मालगाड़ी आ गई, जिससे घबराकर वे इधर-उधर दौड़ने लगीं और ट्रेन की चपेट में आ गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी पिछले वर्ष नाथनगर रेलवे ट्रैक पर करीब दस भैंसों की कटकर मौत हो चुकी है। इसके बावजूद मवेशियों के ट्रैक पर आने की समस्या बनी हुई है।
घटना के बाद रेल पुलिस और रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।














