



भागलपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शुक्रवार को नाथनगर प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा बुलाई गई राजनीतिक दलों की बैठक में हिस्सा लिया और सभी दलों के प्रतिनिधियों से विशेष मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SVEEP) में जागरूकता फैलाने तथा अपेक्षित सहयोग देने की अपील की।

बैठक में नाथनगर, सबौर और जगदीशपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मौजूद थे। जिलाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय में चल रही बीएलओ और बीएलए की बैठक में भी भाग लिया और तीनों प्रखंड विकास पदाधिकारियों को, जो सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी भी हैं, बीएलओ से जुड़े कार्यों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पंचायतवार अधिकारियों की टीमें गठित की जाएं, जो बीएलओ के कार्यों की निगरानी करेंगी। साथ ही, मतदान केंद्र स्तर पर बूथ अवेयरनेस ग्रुप (BAG) का गठन कर मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बीएलओ को ड्यूटी चार्ट के अनुसार कार्य करना होगा और सभी प्रपत्र इंग्लिश के कैपिटल लेटर में भरने होंगे ताकि अशुद्धि से बचा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि बीएलओ अपने नेतृत्व में 5-6 लोगों को फॉर्म भरने के लिए प्रशिक्षित करें और वोटर लिस्ट का भौतिक सत्यापन करें। परिवार के सदस्यों की मौजूदगी की पुष्टि करना भी जरूरी होगा।
डॉ. चौधरी ने निर्देश दिए कि फॉर्म जल्द से जल्द संबंधित परिवारों से संग्रहित किए जाएं और जागरूकता अभियान में आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदी, विकास मित्र एवं पीडीएस डीलरों की मदद ली जाए।

उन्होंने शाम के समय बीएलओ कार्यों की दैनिक समीक्षा करने, ताजुट वी (Tajut V) व चेकलिस्ट तैयार करने, मतदाता सूची की कोडिंग करने जैसे कई अहम निर्देश भी अधिकारियों को दिए।














