



नवगछिया क्रिकेट लीग बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित नवगछिया क्रिकेट लीग-1 (टेनिस बॉल क्रिकेट) का पांचवां मुकाबला तेतरी मैदान में खेला गया। मैच नवगछिया सिटी और नवगछिया स्टार के बीच हुआ, जिसमें दर्शकों को बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड के अध्यक्ष सरोज झा, सचिव संतोष कुमार, विवेकानंद यादव, डॉ. अविनाश कुमार तथा बबलू कुमार सहित कई खेल प्रेमी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नवगछिया स्टार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 309 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से ऋषि ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए, जबकि अंकित ने 38 रन और रुपेश ने 40 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवगछिया सिटी की टीम ने दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 310 रन बनाकर मैच को चार विकेट से अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में रेहान खान की 193 रनों की शानदार पारी निर्णायक साबित हुई, वहीं अनस ने 45 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
मैच में अंपायर की भूमिका मंटू कुमार और मिथुन कुमार ने निभाई, जबकि कमेंट्री दीपक कुमार द्वारा की गई। आयोजन के संयोजक घनश्याम प्रसाद ने जानकारी दी कि अगला मुकाबला नवगछिया टाइगर और नवगछिया यूथ के बीच कल इसी मैदान में खेला जाएगा।















