



नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर मुस्लिम टोला में दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों ने एक ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मो. रिजवान, पिता मो. आलमगीर के रूप में हुई है। वे किसी कार्य से अपने एक सहयोगी के साथ दूध लेने करचीरा गांव गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले से घात लगाए मखरा मंडल अपने चार-पांच सहयोगियों के साथ वहां मौजूद था। जैसे ही रिजवान पहुंचे, मखरा ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए रिजवान गांव की गलियों में दौड़ने लगे, लेकिन अपराधियों ने उन्हें दौड़ाकर तीन गोलियां मारीं, जिनमें एक गोली सीने में लगी।

घायल रिजवान को परिजनों ने तत्काल ऑटो से गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि मृतक की आर्थिक स्थिति अच्छी थी और मखरा उनसे रंगदारी मांगता था। वहीं कुछ लोग इस घटना को अवैध संबंध से भी जोड़कर देख रहे हैं।













