



नानी के अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था सुभाष
नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के जाह्नवी चौक स्थित हाई लेवल गंगा घाट पर रविवार की दोपहर एक 17 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृत युवक की पहचान मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के बीड़ी बाजार निवासी उमेश साह के पुत्र सुभाष कुमार के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष कुमार अपनी नानी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने ननिहाल चौसा से हाई लेवल गंगा घाट आया था। अंतिम संस्कार की रस्म पूरी होने के बाद वह घाट पर नहाने चला गया। इसी दौरान नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी डूबने से मृत्यु हो गई।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पानी में डूबे युवक को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और युवक के शव को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया ।
पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। बेटे की असामयिक मौत से परिजन बेसुध हैं और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। घाट पर अंतिम संस्कार में आए अन्य लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध नजर आए।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।















