



नवगछिया के रंगरा प्रखण्ड क्षेत्र के भवानीपुर कबूतरा स्थान के पास शनिवार दोपहर करीब 3 बजे करीब 200 वर्ष पुराना विशालकाय पेड़ अचानक जोरदार आवाज के साथ सड़क पर गिर पड़ा। घटना होते ही वहां अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
गिरा हुआ पेड़ चबूतरे और सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप गाड़ी पर जा गिरा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन लोगों में दहशत फैल गई।

पेड़ गिरने से ग्रामीण सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पेड़ काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। समय रहते अगर इसकी देखरेख की जाती तो हादसे से बचा जा सकता था। लोगों ने प्रशासन से ऐसे पुराने और कमजोर पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाने की मांग की है ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।













