5
(1)

नवगछिया स्थित बाल भारती विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन एवं लायन्स क्लब ऑफ नवगछिया टाउन के संयुक्त तत्वावधान में लायनेस्टिक वर्ष 2025-26 के अंतर्गत द्वितीय एवं तृतीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का दो दिवसीय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के लगभग सौ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को सामाजिक, भावनात्मक एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना था। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को कक्षा शिक्षण में मानवीय मूल्यों, संवेदनशीलता तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि गोपालपुर के स्थानीय विधायक माननीय शैलेश कुमार मंडल उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को आत्मबल एवं दक्षता प्रदान करते हैं, जिससे वे देश के भविष्य कहे जाने वाले बच्चों को मजबूत नींव दे सकते हैं। उन्होंने विद्यालय एवं लायन्स क्लब द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि मूल्य-आधारित शिक्षा आज की आवश्यकता है।

विद्यालय के अध्यक्ष पवन सर्राफ, उपाध्यक्ष अजय रुंगटा, सचिव अभय प्रकाश मुनका तथा लायन्स क्लब के सचिव प्रवीण केजरीवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण विद्यालय के चरित्र निर्माण आधारित शिक्षा अभियान को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।

कार्यशाला की अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षिकाएं लायन रतना चौधरी एवं लायन मनीषा घांटी ने प्रशिक्षण के उद्देश्य, निष्कर्ष एवं भविष्य की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को जब कक्षा शिक्षण में व्यवहारिक रूप से लागू किया जाएगा, तभी वास्तविक परिवर्तन देखने को मिलेगा। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन विद्यालय के प्रशासक डी. पी. सिंह द्वारा किया गया।

कार्यशाला का भव्य उद्घाटन प्रथम दिवस को हुआ, जिसमें लायन्स डिस्ट्रिक्ट 322ई के डिस्ट्रिक्ट क्वेस्ट चेयरपर्सन लायन डॉ. पंकज टण्डन, रीजन चेयरपर्सन लायन अजित जैन, विद्यालय के अध्यक्ष पवन सर्राफ, उपाध्यक्ष अजय रुंगटा, उपाध्यक्ष डॉ. बी. एल. चौधरी, विद्यालय सचिव अभय प्रकाश मुनका, कोषाध्यक्ष अशोक गोपालका, लायन्स क्लब अध्यक्ष विनोद चिरानियाँ, सचिव प्रवीण केजरीवाल, डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन कमलेश अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य नरेश केडिया, अभिषेक रुंगटा, विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह, पोस्ट ऑफिस रोड स्थित विद्यालय के प्राचार्य कौशल किशोर जायसवाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।

दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य एवं गुरु वंदना की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। सभी आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन डॉ. पंकज टण्डन ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सामाजिक-भावनात्मक विकास एवं नैतिक शिक्षा की अत्यधिक आवश्यकता है। प्रशिक्षित एवं संवेदनशील शिक्षक ही आधुनिक शिक्षा को मूल्य-आधारित दिशा प्रदान कर सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में लायन्स क्लब ऑफ नवगछिया टाउन एवं विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, प्रशिक्षिकाओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: