5
(3)

नवगछिया। नवगछिया अनुमंडल के मदरौनी गांव की होनहार बेटी आयुषी सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर ऑल इंडिया लॉ एंट्रेंस टेस्ट (AILET) में शानदार सफलता हासिल की है। आयुषी ने अखिल भारतीय स्तर पर 19वां रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे मदरौनी और जिले का नाम रोशन किया है। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है।

नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में प्रवेश के लिए आयोजित AILET परीक्षा में केवल 120 सीटें उपलब्ध होती हैं, ऐसे में शीर्ष 20 में शामिल होना अत्यंत सम्मानजनक उपलब्धि मानी जा रही है। आयुषी सिंह, बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कार्मिक विभाग में मुख्य कार्यालय अधीक्षक पद पर कार्यरत धर्मेंद्र सिंह एवं मौसम सिंह की पुत्री हैं। वर्तमान में वह अपने पिता के साथ काशी में रहकर अध्ययन कर रही हैं। उनके दादा स्वर्गीय श्रीधर सिंह, सेवानिवृत्त प्रखंड विकास पदाधिकारी रह चुके हैं।

आयुषी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पूरे परिवार को दिया। विशेष रूप से उन्होंने अपने बड़े पापा जितेंद्र सिंह को प्रेरणास्रोत माना, जिन्होंने उन्हें न्यायाधीश बनने के लिए हमेशा प्रेरित किया। उनकी इस उपलब्धि से आने वाली पीढ़ी के युवाओं के लिए प्रेरणा का संचार होगा।

मदरौनी गांव में इस ऐतिहासिक सफलता के बाद खुशी और गर्व का माहौल है। लोग मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएं देकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। ग्रामीण डॉ. रोशन सिंह ने कहा कि कोशी कटाव के कारण भले ही मदरौनी गांव भौगोलिक रूप से बिखर गया हो, लेकिन यहां के प्रतिभाशाली बच्चों की उपलब्धियां समाज को फिर से एकजुट कर जश्न का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि मदरौनी की धरती शिक्षा और प्रतिभा के लिए सदैव जानी जाती रही है।

आयुषी सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गांव, जिले और शुभचिंतकों की ओर से उन्हें ढेरों बधाइयां और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं। इस उपलब्धि पर भावी मुखिया उम्मीदवार सुजीत सिंह ने भी आयुषी सिंह को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: