



नवगछिया : पुलिस जिला नवगछिया में डायल 112 पुलिस टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की रात नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत उजानी निवासी मोहम्मद मक्कुल के पुत्र मोहम्मद शमशेर के घर चोरी की घटना हुई थी। बताया गया कि घर में उनकी बेटी की शादी के लिए खरीदे गए कीमती आभूषण, सामान तथा लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद रखे हुए थे। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य कोलकाता गए हुए थे, इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
परिवार के घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद गृह स्वामी द्वारा तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम में तैनात राहुल राज मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर उजानी निवासी मोहम्मद सुधीर के पुत्र मोहम्मद शहजाद का नाम सामने आया। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सोमवार को नवगछिया स्टेशन के समीप से आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चोरी किया गया सामान मात्र पांच हजार रुपये में मोहम्मद मंसूर को बेच दिया था। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी गए सामान के एक डब्बे में डेढ़ लाख रुपये नकद भी रखे थे, जिसकी जानकारी उसे नहीं थी।
डायल 112 पुलिस टीम के पहुंचते ही मोहम्मद मंसूर ने चोरी का पूरा सामान वापस कर दिया। वहीं नकद राशि को लेकर स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में यह सहमति बनी कि सात दिनों के भीतर पूरी नकद राशि लौटाई जाएगी।
बरामद किए गए चोरी के सामान और उपलब्ध साक्ष्यों के साथ डायल 112 पुलिस टीम ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नवगछिया आदर्श थाना को सौंप दिया है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस त्वरित कार्रवाई से आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। स्थानीय लोगों ने डायल 112 पुलिस टीम की सक्रियता और सूझबूझ की सराहना की है।













