


नवगछिया प्रखंड में भूकंपरोधी भवन निर्माण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 दिवसीय आरपीएल (रिकॉग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बिहार सरकार के तत्वावधान में भावसर फाउंडेशन संस्था द्वारा संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत 30 राजमिस्त्रियों को भूकंपरोधी भवन निर्माण से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन अंचल अधिकारी संतोष कुमार सुमन, बीईओ राघव कुमार तथा नाजिर अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संस्था के राज्य समन्वयक अजीत कुमार सिंह ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उद्घाटन सत्र में अंचल अधिकारी ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक अजीत कुमार द्विवेदी, केंद्र प्रबंधक राकेश कुमार एवं मिथुन कुमार भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को इंडक्शन किट, प्रतिभागी पुस्तिका तथा टूल किट प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण उपरांत मूल्यांकन किया जाएगा और सफल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी उत्तीर्ण प्रतिभागियों को डीबीटी के माध्यम से मानदेय की राशि का भुगतान भी किया जाएगा।














