



नवगछिया। बाबा विशु राउत सेतु पथ के राजा पेट्रोल पंप के पास पुलिस की गश्ती के दौरान एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन से लगभग 19 किलो गांजा बरामद किया गया। इस घटना में दो होमगार्ड जवान और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, नवगछिया थाना के दो होमगार्ड जवान बाइक से नवगछिया जीरोमाइल से बाबा बिसुराउत पुल की ओर गश्ती पर जा रहे थे। जवानों की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर निवासी फुलेश्वर सिंह के पुत्र अखिलेश कुमार और ढोलबज्जा बाजार के विश्वशांति पासवान के पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई है।

घटना के समय चौसा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही सीएनजी ऑटो ने गश्ती कर रहे जवानों को देखकर और तेज गति पकड़ ली। अचानक नियंत्रण खोने के कारण ऑटो ने सामने से गश्ती पर निकले जवानों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों होमगार्ड जवानों के साथ-साथ ऑटो चालक घोघा के नीरज कुमार और ऑटो में मौजूद घोघा के नरेश मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। इस बीच, नवगछिया एसडीपीओ ओम प्रकाश भी अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों का हालचाल जाना।

दुर्घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त सीएनजी ऑटो की तलाशी ली। तलाशी में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी और ऑटो से करीब 19 किलो गांजा बरामद हुआ। घायल ऑटो चालक नीरज कुमार ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि ऑटो में लगभग 19 किलो गांजा लोड था, जिसे वह चौसा से घोघा ले जा रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायल दोनों आरोपितों को इलाज के पश्चात हिरासत में ले लिया है।
पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है, वहीं, लोगों ने पुलिस की तत्परता और गांजा बरामद करने में सफलता की सराहना की है।













