


नवगछिया। मृत कौआ की जांच में वर्ड फ्लू (Bird Flu) की पुष्टि होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। जिला पशु पालन पदाधिकारी अंजली कुमारी ने बताया कि मृत कौआ का सीरम परीक्षण के लिए पटना भेजा गया था, और वहां से रिपोर्ट में वर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई।
अंजली कुमारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में विशेष रूप से सेनेटाईजेशन अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए नवगछिया नगर परिषद के कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखकर सेनेटाईज मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित किया जा सके।
जिले में पड़े मुर्गी फार्मों से भी सैंपल एकत्रित किए जाएंगे, ताकि वायरस के फैलाव की स्थिति का आकलन किया जा सके। इसके साथ ही आरआरटी (Rapid Response Team) की टीम गठित कर दी गई है, जो प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेकर आवश्यक कदम उठाएगी।
वन विभाग को भी मामले में पत्र भेजा गया है। पटना की टीम सोमवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेगी और उसी समय व्यापक सेनेटाईजेशन अभियान चलाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे इस दौरान मुर्गी और जंगली पक्षियों के संपर्क से बचें और किसी भी संदिग्ध पक्षी या पशु की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।












