



नवगछिया। इंडिया गठबंधन के आह्वान पर 9 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘अखिल भारतीय चक्काजाम’ को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार की संध्या इंडिया गठबंधन, नवगछिया द्वारा सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ शांतिपूर्ण मशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस गौशाला से प्रारंभ होकर रेलवे स्टेशन होते हुए नवगछिया चौक तक पहुंचा और वहीं एक नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया।
जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने मतदाता पुनर्निरीक्षण प्रक्रिया के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए इंडिया गठबंधन के नेता शैलेश कुमार और गौतम कुमार प्रीतम ने कहा कि 9 जुलाई को चक्काजाम को पूरी तरह शांतिपूर्ण रूप से सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि मेडिकल सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानदार, कोचिंग संस्थान और अन्य प्रतिष्ठान बंद रखें तथा संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा में सहयोग करें।
राजद जिलाध्यक्ष अलखनिरंजन पासवान और वीआईपी जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि नवगछिया पुलिस जिला के सभी प्रखंड अध्यक्ष, सचिव, प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष व सचिव और इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के नेता इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

सभा को संबोधित करने वालों में कॉ. गौरीशंकर, राजद के प्रधान महासचिव संजय मंडल, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष शंकर सिंह अशोक, राजद नेता मनोज मंडल उर्फ महेश फौजी, जिला प्रवक्ता कपिलदेव मंडल, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मो. मोहिउद्दीन, प्रखंड अध्यक्ष हिमांशु यादव, महासचिव प्रिंस कुमार मंडल, दिनेश शर्मा, युवा नेता मधुसूदन, नगर अध्यक्ष तनवीर अहमद सहित कई अन्य नेता शामिल रहे।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता पुनर्निरीक्षण प्रक्रिया के माध्यम से मजदूर, गरीब और आम मतदाताओं को वोट के अधिकार से वंचित करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश-मोदी सरकार इंडिया गठबंधन की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है।













