


नवगछिया : बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री मोतीलाल प्रसाद का नवगछिया के जीरो माइल चौक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने मंत्री को पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और साथ ही नवगछिया की लोकआस्था से जुड़ी बिहुला विषहरी की पुस्तिका भी भेंट की।
इस स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवगछिया में बिहुला कला केंद्र की स्थापना की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने बिहुला महोत्सव को सरकारी स्तर पर आयोजित करने की भी अपील की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह महोत्सव अंग क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है, जिसे संरक्षित और प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता है।
मंत्री मोतीलाल प्रसाद ने कार्यकर्ताओं की मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नवगछिया की सांस्कृतिक विरासत को संजोने और विकसित करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और उचित पहल जल्द की जाएगी।
इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री मुकेश राणा, जिला उपाध्यक्ष अजित कुमार, कुमार गौरव, कौशल जायसवाल, मंडल अध्यक्ष रंजीत झा, नरेश प्रसाद साह, सज्जन भारद्वाज सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।













