



नवगछिया: मुख्यमंत्री की ओर से घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए संचालित 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को लेकर एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए सीधे उपभोक्ताओं से संवाद करेंगे और जानने का प्रयास करेंगे कि यह योजना उनके लिए कितनी उपयोगी और प्रभावी साबित हो रही है।

इस कड़ी में नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर और इस्माइलपुर प्रखंडों में 12 अगस्त को जनता के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक योजना की जानकारी पहुंचाना और उन्हें इसके लाभ से अवगत कराना है।
कार्यक्रम के तहत विद्युत विभाग द्वारा नवगछिया के विभिन्न स्थानों जैसे विद्युत कार्यालय नवगछिया मकनपुर, धरहरा ठाकुरवाड़ी, पचगछिया दुर्गा मंदिर और इस्माइलपुर के नारायणपुर चंडी स्थान हाट में विशेष जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। इन स्थानों पर सरकार द्वारा दी जा रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी आम जनता को दी जाएगी।

विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता आलोक कुमार झा ने बताया कि इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को जागरूक करना और योजना से संबंधित उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करना है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे 12 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित संवाद कार्यक्रम में भाग लें और सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाएं।
इस पहल के माध्यम से न सिर्फ लोगों को योजना की जानकारी दी जाएगी, बल्कि उनके अनुभवों और सुझावों को भी सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा, जिससे भविष्य में योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।













