



नवगछिया नगर इकाई के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 5.3 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देशभक्ति के रंग में सराबोर होकर वीर शहीदों को नमन किया।
अभाविप के दक्षिण बिहार प्रांत सह मंत्री कुणाल पांडे ने बताया कि यह यात्रा साहू परबत्ता मैदान से शुरू होकर साहू परबत्ता बाज़ार और आसपास की गलियों से गुजरते हुए गरैया चौक तक पहुंची। इसके बाद यात्रा पुनः हाई स्कूल मैदान में आकर संपन्न हुई।

अभाविप भागलपुर विभाग संयोजक अनुज चौरसिया ने कहा कि इस तिरंगा यात्रा में शामिल होकर सभी कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने देश के वीर शहीद सैनिकों के बलिदान को याद किया और अपार उत्साह के साथ राष्ट्रभक्ति की भावना का अनुभव किया।
अभाविप नवगछिया जिला संयोजक गौतम साहू ने बताया कि यात्रा के बाद नवगछिया पुलिस जिला के सधुवा चापर गांव के वीर सपूत धीरज यादव, जिन्होंने देश की रक्षा में प्राण न्योछावर किए, को श्रद्धांजलि दी गई। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।
अभाविप प्रांत सह छात्रा प्रमुख साक्षी भारद्वाज और एसएफडी प्रांत सह संयोजक कुसुम कुमारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान और हमारे राष्ट्र के गौरव को नमन करते हुए, सभी देशवासियों को एकजुट होकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि भारत माता के सम्मान में सोनी, लिलावती और स्वीटी ने अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर कुणाल पांडे, अनुज चौरसिया, गौतम साहू, सौरभ पौद्दार, धर्मेंद्र साहू, अर्जुन सिंह, साक्षी भारद्वाज, निक्की, रौशनी, भारत माता लिलावती, सोनी और स्वीटी कुमारी सहित कई लोग मौजूद रहे।













