



नवगछिया – इंडिया गठबंधन के बैनर तले नवगछिया में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आगामी वोटर अधिकार यात्रा को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। यह यात्रा 17 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक पूरे बिहार में “वोट चोर गद्दी छोड़” और “बदलो सरकार, बदलो बिहार” जैसे नारों के साथ निकाली जाएगी।
इस यात्रा में विपक्षी दलों के कई शीर्ष नेता भाग लेंगे, जिनमें प्रमुख हैं – लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, भाकपा-माले के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड दीपांकर भट्टाचार्य, सीपीआई के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड डी. राजा, सीपीएम के महासचिव एम. ए. बेबी, और वीआईपी के नेता मुकेश सहनी।

यात्रा का नवगछिया आगमन 22 अगस्त को
यह यात्रा 22 अगस्त को भागलपुर जिले के घोरघट होते हुए भागलपुर शहर से गुजरते हुए नवगछिया पहुंचेगी। यात्रा के दौरान नवगछिया कचहरी मैदान में रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। इंडिया गठबंधन ने इसके लिए 12 अगस्त को ही नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को लिखित सूचना दी थी।
एसडीओ नवगछिया के रवैये पर जताया गया रोष
नेताओं ने आरोप लगाया कि एसडीओ नवगछिया का रवैया अलोकतांत्रिक है और वे जानबूझकर परमिशन देने में टालमटोल कर रहे हैं। जब इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की कोशिश की, तो उन्होंने मिलने से इनकार कर दिया। भारी दबाव के बाद मुलाकात संभव हुई, लेकिन उसके बावजूद एसडीओ की ओर से मैदान देने को लेकर कई बहाने बनाए जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता में नेताओं ने कचहरी मैदान को लेकर की जा रही अड़चन को विपक्ष के खिलाफ प्रशासन की पूर्वाग्रही मानसिकता बताया। उन्होंने कहा कि नवगछिया कचहरी मैदान में वर्षों से राजनीतिक सभाएं होती रही हैं, फिर भी इस बार अनुमति देने में टालमटोल किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के अधिकारों का हनन है।

नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि यदि निर्धारित स्थल पर परमिशन नहीं दी जाती है, तो वे राज्य एवं जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर विरोध दर्ज कराएंगे और जन आंदोलन छेड़ेंगे। यह सिर्फ एक पार्टी या गठबंधन का सवाल नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का विषय है।
संवाददाता सम्मेलन में इंडिया गठबंधन के संयोजक चंद्रशेखर प्रसाद यादव, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष इंजीनियर परवेज जमाल, भाकपा माले के प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय, सीपीएम के जिला मंत्री दशरथ प्रसाद शाह, राजद के प्रदेश महासचिव शैलेश कुमार, संजय मंडल, राजद नवगछिया जिला अध्यक्ष अलख निरंजन पासवान, अशोक यादव, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अनामिका शर्मा, बमबम प्रीत, अम्बर इमाम, अख्तर हुसैन, शंकर सिंह अशोक, सीतल सिंह निषाद, विजय राय (प्रखंड अध्यक्ष कांग्रेस), राजीव चौधरी, विवेक नंद यादव समेत कई अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।














