



नवगछिया थाना क्षेत्र के न्यू पावर ग्रिड लक्ष्मीपुर रोड निवासी सेवानिवृत्त सेना के जवान गौरव कुमार ने सोमवार को नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार से मिलकर अपनी जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई। उन्होंने अपराधियों द्वारा जान से मारने की धमकी मिलने की शिकायत की और आरोप लगाया कि उनके चचेरे भाई प्रमोद साह और उसके परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें अंजू देवी, सिंटू कुमार और चुलबुल साही शामिल हैं, ने उनसे विवाद के बाद जानलेवा धमकी दी।

गौरव कुमार ने अपने आवेदन में बताया कि 11 अगस्त 2025 की रात करीब 9 बजे उपरोक्त अभियुक्तों ने उनके घर पर चढ़कर मारपीट की और फिर फोन करके दस से पंद्रह हथियारबंद अपराधियों को बुला लिया। ये अपराधी आधा दर्जन बाइक और स्कॉर्पियो नंबर बीआर 10 पीबी 6724 पर सवार होकर आए थे। वे सीधे गौरव कुमार के दुकान पर पहुंचे और उन्हें धमकी दी कि अंजू देवी और प्रमोद साह से विवाद करना बंद कर दें, और यह सब देखना छोड़ दें, अन्यथा अगले बार उन्हें समझाने नहीं आएंगे, बल्कि परिवार सहित उन्हें जान से मार देंगे।
धमकी के बाद, गौरव कुमार ने 12 अगस्त को नवगछिया थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद, सोमवार को उन्होंने नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार से मिलकर मामले की जांच और सुरक्षा की मांग की। एसपी ने तुरंत नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह को मामले की जांच का आदेश दिया है।

गौरव कुमार ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, जब उन्हें और उनके परिवार को निशाना बनाया गया हो। 2004 में प्रमोद साह ने अपराधियों से उन पर जानलेवा हमला करवाया था, जिसके कारण उनका एक हाथ निष्काम हो गया था। किसी तरह उनकी जान बची थी। इस घटना के बाद वे अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव हरियो से दूर नवगछिया आकर रहने लगे थे, लेकिन प्रमोद साह ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और उनके घर के पास आकर रहने लगा। इसके बाद भी वह उनके परिवार पर अत्याचार करता रहा। पिछले वर्ष एक महिला किरायेदार को भी बेरहमी से मारपीट की थी, जिसकी शिकायत नवगछिया थाना में की गई थी, लेकिन उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
हालांकि, इस बार धमकी मिलने के बाद से गौरव कुमार और उनके परिवार वाले डरे हुए हैं। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ गई है।
नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने कहा, “आवेदन प्राप्त हुआ है और दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है, जो उनके पैतृक गांव हरियो से जुड़ा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद सत्यता पाए जाने पर अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”













